रायपुर में एम्स में भर्ती कोरोना संक्रमित दो मरीजों और उनके परिजनों का उस वक्त खुशी का ठिकाना नहीं रहा , जब उन्हें पता पड़ा कि अब रिपोर्ट नेगिटिव आई है | कोरोना वायरस की दहशत के बीच यह राहत भरी खबर जब लोगों तक पहुंची तो उन्होंने भी एम्स स्टाफ का शुक्रिया अदा किया | राज्य में यह पहला मौका है जब एम्स में भर्ती कोरोना पाॅजीटिव दो मरीज एक साथ पूरी तरह से ठीक हो गए हैं | एम्स प्रबंधन ने इसकी पुष्टि की है | एम्स के मुताबिक दोनों मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है |हालांकि वे कुछ दिनों तक होम क्वारंटाइन रहेंगे |
राज्य में अब तक कोरोना के आठ पाॅजीटिव केस सामने आए थे, जिनमें से अब दो मरीज स्वस्थ हो गए हैं | इसके चलते अब आधा दर्जन मरीज ही डाक्टरों की निगरानी में है | बताया जाता है कि एम्स में इलाज के दौरान मरीजों में बेहतर रिकवरी होता देख डाक्टरों ने सैम्पल लेकर दोबारा जांच के लिए भेजा था | पहली और दूसरी दोनों रिपोर्ट में कोरोना के लक्षण नहीं मिले | पिछले चार दिन में दोनों मरीजों की दो रिपोर्ट निगेटिव आई, जिसके बाद डाक्टरों ने मरीजों को घर जाने की अनुमति दे दी l




"
"
B 