
पब्लिकयूवाच - कोरिया । लॉकडाउन के दौरान बड़ी संख्या में मजदूर पलायन करने को मजबूर है. पेंड्रा में फंसे कुछ मजदूर रेलवे ट्रैक के सहारे अपने घर जा रहे थे. उसी दौरान कोरिया जिले के उदलकछार रेलवे स्टेशन के समीप जंगल में मालगाड़ी की चपेट में आने 2 मजदूरों की मौत हो गई है. जबकि दो अन्य मजदूर बाल बाल बच गए. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्रमिकों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है. जिला प्रशासन के अधिकारियों को श्रमिकों के परिवारों को त्वरित आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं ।
बताया जा रहा है कि उदलकछार व दर्रीटोला के बीच हसदेव जंगल के समीप पोल क्रमांक 941 /17-18 के पास यह घटना हुई है. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि ये श्रमिक मरवाही पेंड्रा गौरेला ज़िला के गोरखपुर स्थित खाद्य बीज बनाने वाली कंपनी में काम करते थे. वहां से सूरजपुर जिले के गेवरा उजगी पहुँचने के लिए पूरी रात पटरियों पर चलते रहे, लेकिन मंगलवार की सुबह मालगाड़ी की चपेट में आ गए ।
रायपुर अंबिकापुर रेल्वे ट्रेक पर उदलकछार से दर्रीटोला के बीच सुबह करीब साढ़े आठ बजे मालगाड़ी की चपेट में आने से ट्रैक पर चल रहे दो मजदूर कमलेश्वर राजवाड़े और गुलाब राजवाड़े की मौत हो गई. जबकि साथ में चल रहे दो अन्य मजदूर मोहनलाल और उमेश देवांगन बाल बाल बच गए. फिलहाल सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृत मजदूरों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है और मामले की जांच कर रही है ।




"
"
B 