
पब्लिकयूवाच - रायपुर। पुलिस की सख्ती सिर्फ मुख्य सड़कों पर दिखाई दी। गली-मोहल्ले आबाद रहे। टोटल लॉकडाउन के तीसरे दिन शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जगह-जगह पुलिस की मुस्तैदी के कारण बेवजह घूमने वाले कार्रवाई के डर से घरों से बाहर नहीं निकले। सड़क पर लोगों की आवाजाही काफी कम होने से पुलिस ने भी राहत की सांस ली।
एएसपी सिटी लखन पटले ने बताया कि कोरोना संक्रमण की चेन तोडऩे के लिए लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। शहर भर के चौक-चौराहे के अलावा प्रमुख स्थानों पर जगह-जगह बेरिकेड, स्टापर लगाए गए हैं। लोग वेबजह घरों से बाहर न निकलें, इसके लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है।
पुलिस दिन-रात गली-मोहल्लों में गश्त कर रही है। जवान घूम-घूमकर लोगों को घरों में रहने के लिए समझा रहे हैं। इसका असर यह हुआ कि सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दवा खरीदने और अस्पताल जाने वाले लोग ही आते-जाते दिखे। पुलिस जवानों ने ऐसे लोगों के पास मौजूद दवा की पर्ची और डॉक्टर की रिपोर्ट देखने के बाद ही जाने दिया। घूमने के बहाने निकले लोगों को समझाकर वापस भेजा। लॉकडाउन के दौरान दिन भर घरों में रहने वाले कई लोग ऐसे भी हैं, जो शाम को परिवार के साथ टहलने के बहाने घरों से निकले। पुलिस जवानों ने इन लोगों को देखकर रोका और समझा कर वापस घर लौटा दिया। डीएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने बताया कि लॉकडाउन के तीसरे दिन सड़क पर लोगों के न निकलने के कारण सन्नाटा रहा। कुछ लोग बहाने बनाकर दोपहिया, चार पहिया वाहन से घूमने निकले थे। पुलिस ने जांच के दौरान समझाया, फिर चालानी कार्रवाई कर वापस भेज दिया। पंडरी, सरस्वती नगर और विधानसभा पुलिस ने बिना मास्क के कबाड़ी, किराना दुकान खोलकर सामान बेचते बलराम बर्मन, रमेश साहू और प्रकाश साहू के खिलाफ अपराध कायम किया।




"
"
B 