
रायगढ़ । जिले के सारंगढ़ थाना क्षेत्र में एक बार फिर नक्सली सुगबुगाहट शुरू हो गई है। क्षेत्र के बीडीसी व सरपंच के घर के आंगन में पर्चा फेंक लाखों रुपए की डिमांड की है। वहीं पर्चे में खुद को नक्सली बताकर मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी दी है। एक ही दिन में दो घरों के बाहर मिले पर्चे और धमकी से पीडि़त व उसके परिवार वाले तथा क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। वहीं सरपंच ने इसकी शिकायत थाने में की है, जहां पुलिस जांच के बाद अपराध दर्ज करने की बात कह रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खोखसीपाली और लीमगांव आपस में जुड़ा है। शक्रवार की रात उक्त दोनों गांवों के लोग अपने-अपने घर में सो रहे थे। शनिवार की सुबह खोखसीपाली गांव का सरपंच मालिकराम साहू उठ कर देखा तो उसे उसके घर के आंगन में एक पर्चा मिला। जिसमें लिखा था कि तुम दो लाख रुपए लेकर रात नौ बजे तुम्हारे घर के आगे जंगल रास्ता पठार एरिया में आ जाना। जहां देवी का स्थान है वहां रुपए छोड़ कर चले जाना हम ले लेंगे। जब तुम रुपए लेकर निकलोगे तो हमारा आदमी तुम्हारा पीछा करते रहेंगे। अगर तुम पुलिस और गांव वालों को साथ लाओगे तो जान से जाओगे। पर्चे के अंत में अज्ञात लोगों ने लिखा था कि हम नक्सली हैं। ऐसे में सरपंच काफी डर गया।
इसके कुछ देर बाद पता चला कि इसी प्रकार का पर्चा लीमगांव के बीडीसी चिंताराम साहू के घर के बाहर भी मिला है। अज्ञात लोगों ने बीडीसी के घर बाहर फेंके पर्चे में लिखा था कि आने वाले पंचायत चुनाव में तुम सरंपच का चुनाव लडऩे वाले हो। हमारे पास पैसा नहीं है। तुम हमें चार लाख रुपए दो तो हम तुम्हें जीताने में सहयोग करेंगे। वहीं हमारी मांग पूरा नहीं करने व पुलिस तथा गांव वालों को सूचना देने पर तुम्हें और तुम्हारे परिवार वालों को जान से मार देंगे। कुछ देर में यह खबर पूरे सारंगढ़ क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और क्षेत्र के लोग दहशत में आ गए। इसके बाद पीडि़त सरपंच ने घटना की शिकायत थाने में की है।




"
"
B 