Monday, 17 August 2026

 रायपुर। अंतागढ़ टेपकांड मामले में मंतूराम पवार का आज वॉयस सैंपल होना था, लेकिन नहीं हो पाया. क्योंकि अंतागढ़ टेपकांड की डायरी कोर्ट नहीं पहुंच पाई है. मंतूराम वॉयस सैम्पल देने के लिए दोपहर एक बजे से मौजूद थे. कोर्ट में डायरी नहीं पहुंचने से वॉयस सैम्पल नहीं हो पाया है.
बता दें कि मंतूराम पवार ने अंतागढ़ टेपकांड मामले में न्यायालय के समझ 164 के तहत बयान दर्ज करवाया है. जिसके कई बड़े खुलासे करते हुए बड़े नेताओं के नाम लिए है.
दरअसल 2015 में अंतागढ़ टेपकांड ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में भूचाल ला दिया था. इस टेपकांड को इंडियन एक्सप्रेस सामने लेकर आई थी. इंडियन एक्सप्रेस ने एक खबर एक टेप के हवाले से छापी थी. जिसमें कथित रूप से अजीत जोगी के बेटे और तत्कालीन मरवाही विधायक अमित जोगी और तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह के दामाद डॉक्टर पुनीत गुप्ता के बीच बातचीत का कथित ऑडियो है. जिसमें दोनों कथित रूप से रुपयों के लेनदेन की बात कर रहे हैं. ये लेनदेन कांग्रेस उम्मीदवार मंतूराम पवार के नाम वापिस लेने को लेकर है.
इस ऑडियो में 2014 में कांकेर ज़िले के अंतागढ़ में हुए उपचुनाव के दौरान की बातचीत है. जब कांग्रेस के उम्मीदवार मंतूराम पवार ने रहस्यमयी तरीके से नाम वापसी के दिन अपना नाम वापिस ले लिया. जिसके बाद बीजेपी उम्मीदवार भोजराम नाग चुनाव जीत गए.
 

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में भी आखिर केंद्र सरकार द्वारा लागू नए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भारी-भरकम जुर्माने लगाने की शुरुआत हो गई है। महासमुंद पुलिस ने शराब पीकर बाइक चलाने वाले मोहित का मामला बनाया, जिस पर उसे न्यायालय में 15 हजार रुपए का भुगतान करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले के बेलसोंडा गांव ने रहने वाला मोहित पटेल नशे की हालत में नदी मोड़ से महासमुंद की ओर जा रहा था। मौके पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर वाहनों की जांच कर रहे यातायात पुलिस ने उसे रोककर जांच की। इस दौरान बाइक चालक के अधिक मात्रा में एल्कोहल सेवन करना पाया गया। इस पर ट्रैफिक पुलिस ने मामला बनाकर न्यायालय में भेज दिया, जहां कोर्ट ने नए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत धारा 185 लगाकर 15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
मामले में जानकारी लेने पर डीएसपी ट्रैफिक पृथ्वीराज दुबे ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ कोर्ट ने फाइन किया गया है। मामले में कोर्ट ने संबंधित धाराओं के तहत फाइन किया है। इसमें शराब पीकर वाहन चलाने पर दस हजार रुपए है, और अन्य धारा में पांच हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जुर्माना अलग बात है, बड़ी बात यह है कि शराब पीकर वाहन चलाने पर चालक का अब लाइसेंस सस्पेंड होगा।

 
 
रायगढ़ । जिले के सारंगढ़ थाना क्षेत्र में एक बार फिर नक्सली सुगबुगाहट शुरू हो गई है। क्षेत्र के बीडीसी व सरपंच के घर के आंगन में पर्चा फेंक लाखों रुपए की डिमांड की है। वहीं पर्चे में खुद को नक्सली बताकर मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी दी है। एक ही दिन में दो घरों के बाहर मिले पर्चे और धमकी से पीडि़त व उसके परिवार वाले तथा क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। वहीं सरपंच ने इसकी शिकायत थाने में की है, जहां पुलिस जांच के बाद अपराध दर्ज करने की बात कह रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खोखसीपाली और लीमगांव आपस में जुड़ा है। शक्रवार की रात उक्त दोनों गांवों के लोग अपने-अपने घर में सो रहे थे। शनिवार की सुबह खोखसीपाली गांव का सरपंच मालिकराम साहू उठ कर देखा तो उसे उसके घर के आंगन में एक पर्चा मिला। जिसमें लिखा था कि तुम दो लाख रुपए लेकर रात नौ बजे तुम्हारे घर के आगे जंगल रास्ता पठार एरिया में आ जाना। जहां देवी का स्थान है वहां रुपए छोड़ कर चले जाना हम ले लेंगे। जब तुम रुपए लेकर निकलोगे तो हमारा आदमी तुम्हारा पीछा करते रहेंगे। अगर तुम पुलिस और गांव वालों को साथ लाओगे तो जान से जाओगे। पर्चे के अंत में अज्ञात लोगों ने लिखा था कि हम नक्सली हैं। ऐसे में सरपंच काफी डर गया।
इसके कुछ देर बाद पता चला कि इसी प्रकार का पर्चा लीमगांव के बीडीसी चिंताराम साहू के घर के बाहर भी मिला है। अज्ञात लोगों ने बीडीसी के घर बाहर फेंके पर्चे में लिखा था कि आने वाले पंचायत चुनाव में तुम सरंपच का चुनाव लडऩे वाले हो। हमारे पास पैसा नहीं है। तुम हमें चार लाख रुपए दो तो हम तुम्हें जीताने में सहयोग करेंगे। वहीं हमारी मांग पूरा नहीं करने व पुलिस तथा गांव वालों को सूचना देने पर तुम्हें और तुम्हारे परिवार वालों को जान से मार देंगे। कुछ देर में यह खबर पूरे सारंगढ़ क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और क्षेत्र के लोग दहशत में आ गए। इसके बाद पीडि़त सरपंच ने घटना की शिकायत थाने में की है।

 
 
 
 
 रायगढ़ । कलेक्टर यशवंत कुमार जिंदल ऑडिटोरियम में आयोजित 12 दिवसीय एनसीसी Óएक भारत श्रेष्ठ भारतÓ राष्ट्रीय शिविर के समापन समारोह में शामिल हुए। कलेक्टर यशवंत कुमार ने शिविर में शामिल होने वाले कैडेट्स से अपने जीवन की बातें साझा की। उन्होंने कहा कि असफलता ही सफलता की कुंजी है। जीवन में कभी असफलता मिले तो निराश नहीं होना चाहिए। बल्कि सफलता के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए, जीवन में सफलता अवश्य मिलती है।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ जबलपुर ग्रुप के अंडर ऑफिसर द्वारा मनमोहक नृत्य गणेश वंदना से किया गया। देश के विभिन्न प्रांतों तथा जम्मू कश्मीर से आए कैडेट्स ने खूबसूरत समूह नृत्य प्रस्तुत किया। रायगढ़ बटालयिन के कमान अधिकारी कर्नल एच.एस.घुमन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राष्ट्रीय स्तर का कैम्प आयोजित किया गया। इस राष्ट्रीय शिविर में विभिन्न प्रांतों से आए 600 कैडेट्स शामिल हुए। राष्ट्रीय स्तर के इस कैम्प में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश एवं जम्मू कश्मीर के विभिन्न स्कूलों के कैडेट्स भी शामिल हुए। इस अवसर पर कलेक्टर यशवंत कुमार ने विभिन्न खेल एवं अन्य श्रेणी में कैडेट्स को पुरस्कार वितरण किया ।
R.O.NO. 13259/132
  • R.O.NO.13129/146 "
  • R.O.NO.13259/132 " B

Address Info.

Owner / Director - Piyush Sharma

Office - Shyam Nagar, Raipur, Chhattisgarh,

E mail - publicuwatch24@gmail.com

Contact No. : 7223911372

MP info RSS Feed