Friday, 14 August 2026

मगरलोड । उत्तर सिंगपुर मोहंदी वन परिक्षेत्र  के ग्राम पंचायत बिरझुली के पेंड्रा जंगल में कई दिनों से सैकड़ों की संख्या में बेशकीमती इमारती बीजा पेड़ों की अवैध कटाई होने से और पाहन्दा जंगल में दो हिरण एक कोठरी की मौत पर सिहावा विधायक डॉ.लक्ष्मी ध्रुव ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं ।  
उन्होंने कहा वन्यजीवों की रक्षा करना हम सब का कर्तव्य है. पेंड्रा जंगल में हजारों बीजा जैसे बेशकीमती पेड़ों की अवैध कटाई से वन विभाग की जागरूकता पर प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं उन्होंने कहा वन अधिकारी कर्मचारी  अपने कर्तव्यों का निर्वहन ठीक से नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण वन संपदा का अवैधानिक तरीके से दोहन किया जा रहा है. ये अवैध कार्य भाजपा सरकार में चलता था लेकिन अब नहीं चलेगा. लापरवाह अधिकारी कर्मचारियों की वजह से वन्य जीव जंतु भी सुरक्षित नजर नहीं आ रहे हैं ।  
पेंड्रा के जंगलों में बीजा जैसे पेड़ों की अवैध कटाई और पाहन्दा जंगल में वन्यजीवों की मौत होने पर विधायक ने प्रदेश के वन विभाग के मुखिया पीसीसीएफ राकेश चतुर्वेदी से नराजगी जताई है. साथ ही वन्य क्षेत्रों में वन्य प्राणियों के पेयजल के लिए बड़े तालाब बनाने, इन तालाबों में सोलर पंप से चलने वाला बोरवेल्स उत्खनन करने एवं वॉच टॉवर बनाने का सुझाव दिया है. जिम्मेदार वन अधिकारी कर्मचारी के विरुद्ध कार्यवही के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी. उन्होंने वन अधिकारियों कर्मचारियों को वन संपदाओं की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने की सख्त हिदायत दी है ।  

 
बलौदाबाजार । ब्लॉक मुख्यालय सिमगा से 15 किलोमीटर दूर शिवनाथ नदी के तट पर स्थित विधायक गोद ग्राम तुलसी में नदी में अचानक पानी गायब होने से ग्रामीण अचंभित हैं। वहीं एरीगेशन विभाग ने मौके पर जांच के लिए इंजीनियर को भेजने की बात कही। प्राप्त जानकारी के अनुसार तुलसी में शिवनाथ नदी में दो बड़े-बड़े होल (छेद) में नदी का पानी समां गया। जिससे नदी सूख गई।
प्रत्यक्षदर्शी देवलाल निषाद अपने साथियों टिकेश, योगेश, दिलीप के साथ रोज की तरह नदी में मछली पकड़ने गया था। उन्होंने बताया कि लगभग 10 दिन से नदी में भंवर पड़ते देख रहा था लेकिन वह काफी गहरा है इसलिए उन्होंने ध्यान नहीं दिया लेकिन पिछले तीन दिन में नदी का पानी होल में समा गया।
यह घटना गांव में आग की तरह फैल गई। खबर की जानकारी मिलते ही तुलसी में नदी में बने दो बड़े होल जो लगभग डेढ़ से दो फीट को देखा गया। ग्रामीणों से चर्चा कर जानकारी ली गई। ग्राम सरपंच हेमलता तिवारी ने बताया नदी में जिस स्थान पर होल बन गए हैं वह नदी का डाउन एरिया है वहां गर्मी के समय भी पानी पर्याप्त भरा रहता है जिससे ग्रामीण निस्तारी करते हैं।
सरपंच ने बताया कि कितनी भी गर्मी क्यों न हो नदी की धार पतला होने के बाद भी इस डाउन एरिया में हमेशा पानी भरा रहता है लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है जब नदी ही सूख गई। नदी में 1000 मीटर लंबाई 500 मीटर चाडा व 12 फीट गहराई में हजारों लीटर पानी कहां गया समझ से परे हैं।
अचानक बढ़ा 8-10 फीट जलस्तर
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि तुलसी के पड़ोसी गांव तोरा चक्रवाय के बाद नदी किनारे स्थित गांव चोरहा नवांगांव में नदी में अचानक 8 से 10 फीट पानी का जल स्तर बढ़ गया। जब तुलसी के सरपंच प्रतिनिधि चंद्रमणी तिवारी ने चोरहा नवांगांव के सरपंच उपसरपंच व ग्रामीणों से पूछा तो वे सभी ने भी जल स्तर बढ़ने की बात स्वीकारी। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि सुरंगनुमा होल से नदी का पानी दूसरे स्रोत में मिल गया हो।
होल की चौड़ाई दो फीट व गहराई 10 फीट
इस मामले पर एरीगेशन विभाग बलौदाबाजार से चर्चा करने पर उन्होंने तुरंत इंजीनियर टीआर वर्मा व सब इंजीनियर जेएस महिलांगे को तुलसी भेजा। जहां अधिकारियों ने होल की चौड़ाई दो फीट गहराई टार्च की रोशनी दस फीट तक दिखने की बात कही। उन्होंने कहा कि यहां की जमीन पोला है तो पानी वहां चला गया होगा या दूसरे स्रोत में चला गया होगा। अधिकारियों की टीम ने कहा इस मामले में भूगर्भ शास्त्री ही बता सकते हैं।
गांव के लिए चिंता का विषय
ग्रामीण संतोष साहू, पुनू साहू, शीतल वर्मा, सीताराम वर्मा, जीवन साहू, घनश्याम यादव ने बताया कि नदी के जिस एरिया में होल मिला है उस एरिया के खेतों में बोर खनन करने पर 100 फीट के बाद जमीन पोला मिलता है जिसके कारण बोर खनन नहीं हो पाता।
यह पूरे गांव के लिए चिंता का विषय है क्योंकि बसाहट वाले जमीन भी पोला निकले तो भविष्य में दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। इसी तरह गांव के पीलेश्वेर साहू ने बताया कि पिछले माह उनके खेत में भी 120 फीट बोर खनन के बाद जमीन पोला मिलने से बोर खनन नहीं हो पाया। सरपंच श्रीमती तिवारी ने बताया कि शिवनाथ नदी तुलसी के जीवनदायिनी नदी है यह संकट पहली बार निर्मित हुई है।

 
कांकेर । कांकेर में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुआ है. इस मुठभेड़ में में पुलिस ने दो माओवादियों को मार गिराया है. नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में इसे कांकेर डीआरजी टीम की बड़ी सफलता मानी जा रही है. मौके से पुलिस ने 1 एसएलआर सहित चार हथियार भी बरामद किए हैं. मारे गए माओवादियों का शव भी बरामद कर लिया गया है.पुलिस के मुताबिक, ये मुठभेड़ ताडोकी थाना इलाके के मुरनार के जंगल मे बीती रात हुई. पुलिस अधीक्षक कन्हैयालाल ध्रुव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। 

 
 
पखांजुर l कापसी क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को सांप ने काट लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गयी l बता दे कि महिला अपने घर में आराम कर रही थी, इस दौरान सांप ने उन्हें काट लिया l महिला के परिजन जब उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे तो रास्ते में उनकी मृत्यु हो गयी l यह पूरा मामला पखांजूर थाना क्षेत्र का है l
R.O.NO. 13259/132
  • R.O.NO.13129/146 "
  • R.O.NO.13259/132 " B

Address Info.

Owner / Director - Piyush Sharma

Office - Shyam Nagar, Raipur, Chhattisgarh,

E mail - publicuwatch24@gmail.com

Contact No. : 7223911372

MP info RSS Feed